श्रावण के पहले दिवस के साथ शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पयागपुर

Share

श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही पयागपुर क्षेत्र पूरी तरह शिवमय हो उठा। गुरुवार को श्रावण के प्रथम दिन क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र के मंगल की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंजते रहे।पयागपुर-हुजूरपुर मार्ग स्थित प्राचीन पांडवकालीन बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय दिखाई दिया।इसी प्रकार अमरनाथ मंदिर, पंचायती शिव मंदिर, पत्थर शिवाला, कोर्ट बाजार स्थित शिव मंदिर तथा बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन एवं शिव आरती का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर के महंत बाबा सरोज भारती ने बताया कि श्रावण मास को लेकर मंदिर में सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल और दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/ सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी सहायता से पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने बताया कि बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां पूरे श्रावण मास मेले जैसा माहौल बना रहता है। विशेष रूप से कजरी तीज के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल मेले में हजारों शिवभक्त और कांवड़िये पदयात्रा करते हुए मंदिर पहुंचते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।श्रावण मास के पहले दिन पयागपुर क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में उमड़ी श्रद्धा ने यह संदेश दिया कि भगवान भोलेनाथ के प्रति लोगों की आस्था आज भी उतनी ही गहरी और अटूट है। दिनभर मंदिरों में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और आरती का क्रम चलता रहा तथा पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आया। पयागपुर थाना अध्यक्ष दीपक सिंह एवं उप जिलाधिकारी संजय पांडे ने मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *