कट्टे की नोक पर ₹2.53 लाख की सनसनीखेज लूट, दिनदहाड़े बीसी संचालक को बनाया निशाना;

Share

 बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) संचालक से ₹2.53 लाख की नकदी लूटकर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।पीड़ित अयोध्या प्रसाद शुक्ला पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर शुक्ला, निवासी राम उगर पुरवा, मौजा शिवदहा, थाना पयागपुर, मशरी चौराहा पर बीसी केंद्र संचालित करते हैं। जानकारी के अनुसार वह मंगलवार सुबह खजूरी स्थित इलाहाबाद बैंक से बैंकिंग कार्य पूरा कर नकदी लेकर वापस लौट रहे थे। पेड़ी गांव होते हुए नहर मार्ग पर भिगुरी पुल के पास पहुंचते ही एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर कट्टा सटाकर बैग और बीसी मशीन छीन ली। बैग में ₹2,53,000 की नकदी रखी थी।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही थाना पयागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक तथा एसओजी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसओजी की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, जबकि आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट के बाद क्षेत्र के बीसी संचालकों, व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *