सहारनपुर। इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, कोटा में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों तथा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों ने सहभागिता की। इस दौरान आगरा में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. कमल कृष्ण, संस्थान की प्राचार्य डॉ. अंजू वालिया, जिला नोडल अधिकारी डॉ. यामिनी पांडे, प्रो. ओंकार सिंह एवं डॉ. ऋषिपाल सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 1.23 लाख शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे उन्हें बेहतर एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने शिक्षकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।rad more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनका स्वस्थ रहना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक है। उन्होंने इस योजना को शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. कमल कृष्ण ने कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त कर अपने शैक्षणिक दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने में सहायक होगी। संस्थान के चेयरमैन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी बौद्धिक पूंजी होते हैं। उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी। वहीं, प्राचार्य डॉ. अंजू वालिया ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षक समुदाय के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन का सामूहिक रूप से अवलोकन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. इन्द्रदेव सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 200 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राचार्य, शिक्षक एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।