बड़हलगंज, गोरखपुर। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ा गांव में धान की रोपाई के दौरान हुए विवाद में महिला और उसके पुत्र से मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, बेलसड़ा निवासी कौशल्या देवी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि 13 जुलाई 2026 को वह अपने खेत में धान की रोपाई करा रही थीं। इसी दौरान गांव के संतोष गुप्ता, कुंदन गुप्ता और सूरज गुप्ता वहां पहुंचे और मजदूरों से पहले अपने खेत में रोपाई करने को कहा। विरोध करने पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।तहरीर के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचे कौशल्या देवी के पुत्र निखिल और पुत्री आंचल से भी आरोपितों की कहासुनी हुई। इसके बाद तीनों ने कौशल्या देवी की पिटाई कर दी, जिससे उनके हाथ की एक उंगली में फ्रैक्चर हो गया।readmore:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/……………. आरोप है कि सूरज गुप्ता ने निखिल का गला दबाकर हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।पीड़िता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि करीब छह माह पहले भी आरोपितों ने इसी प्रकार मारपीट की थी। घटना के दिन डायल 112 पर सूचना दी गई थी।बड़हलगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर संतोष गुप्ता, कुंदन गुप्ता और सूरज गुप्ता के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 117(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है