बाराबंकी। जिले में आगामी श्रावण मास और नाग पंचमी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार शाम 5 बजे तहसील नवाबगंज के ग्राम मजीठा स्थित प्रसिद्ध श्री नाग देवता मजीठा धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, मेला स्थल, पार्किंग व्यवस्था, आवागमन मार्ग, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/ डीएम ने क्षेत्राधिकारी यातायात से मेले के दौरान प्रस्तावित रूट डायवर्जन, यातायात संचालन और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष कार्ययोजना शामिल है। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास और नाग पंचमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मजीठा धाम पहुंचते हैं। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के समय जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी आलोक पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।