अस्पताल खोलने के नाम पर 39.15 लाख की कथित ठगी, डॉक्टर दंपत्ति गिरफ्तार

Share

सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने अस्पताल खोलने के नाम पर 39.15 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे डॉक्टर दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. नितिन और उनकी पत्नी अन्नू शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर निवासी श्यामलाल ने अगस्त 2025 में थाना मिर्जापुर में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि डॉ. नितिन, उनकी पत्नी अन्नू और एक अन्य व्यक्ति ने मिर्जापुर क्षेत्र में अस्पताल खोलने के नाम पर उन्हें साझेदार बनाने का झांसा दिया। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेज तैयार कर विश्वास में लेते हुए उनसे 39,15,829 रुपये ले लिए गए, लेकिन न तो साझेदारी दी गई और न ही रकम लौटाई गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।read more:https://khabarentertainment.in/call-to-embrace-dr-syama-prasad-mookerjees-ideas-bjp-organizes-an-ideological-seminar/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 19 जुलाई को डॉ. नितिन को स्पोर्ट्स कॉलेज, जाटोवाला के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि 20 जुलाई को उनकी पत्नी अन्नू को बादशाहीबाग बस स्टैंड के निकट से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी डॉ. नितिन के खिलाफ पहले भी शामली जनपद में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बाकेलाल, हेड कांस्टेबल दीपक शर्मा, कांस्टेबल पंकज कुमार, महिला कांस्टेबल सोनिका तथा संगीता रानी की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराधों और वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *