प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शीतल टंडन को लिखा धन्यवाद पत्र,

Share

सहारनपुर। सहारनपुर जिला उद्योग एवं व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबी अवधि तक सेवा देने पर भेजे गए शुभकामना पत्र का प्रधानमंत्री कार्यालय से उत्तर प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हस्ताक्षरयुक्त पत्र में शीतल टंडन के स्नेहपूर्ण संदेश के लिए आभार व्यक्त करते हुए विकसित भारत के निर्माण में व्यापार एवं उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबी अवधि तक मां भारती की सेवा करने का अवसर देशवासियों के विश्वास, समर्थन और आशीर्वाद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनका प्रत्येक प्रयास और प्रत्येक क्षण राष्ट्रहित को समर्पित रहेगा तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प देशवासियों की सक्रिय सहभागिता से अवश्य पूरा होगा।read more:https://khabarentertainment.in/509-vidyut-sakhis-in-bijnor-receive-thermal-printers-instant-electricity-bill-receipts-will-now-be-available-at-doorsteps/प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। निवेश, आधारभूत संरचना, नवाचार, प्रौद्योगिकी और समावेशी विकास के क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसकी वैश्विक स्तर पर भी सराहना हो रही है। उन्होंने पत्र में उद्योग एवं व्यापार जगत की भूमिका की विशेष चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों और उद्यमियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। व्यापार करने में सुगमता बढ़ाने के लिए हजारों अनावश्यक अनुपालनों को समाप्त किया गया है तथा एमएसएमई, विनिर्माण और निर्यात को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं के माध्यम से लोकल को ग्लोबल बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। विभिन्न देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों से व्यापारियों और उद्यमियों के लिए नए अवसर भी सृजित हुए हैं। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में शीतल टंडन के शुभकामना संदेश के लिए पुनः धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में व्यापार जगत का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा। इस अवसर पर सहारनपुर जिला उद्योग एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने इसे जिले के व्यापारिक समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्तिगत रूप से भेजा गया धन्यवाद पत्र व्यापारियों के सम्मान और उनके योगदान की सराहना का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *