दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी के नवागत उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी से मरीजों के उपचार, ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं की जानकारी ली। चिकित्सकीय सेवाओं के संचालन पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हालांकि अस्पताल परिसर और गैलरी में फैली गंदगी देखकर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संबंधित कर्मचारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जब एसडीएम ने उपस्थिति पंजिका (अटेंडेंस रजिस्टर) मांगी तो पता चला कि वह अधीक्षक के बंद कार्यालय में रखी है। डॉ. ऐमन अंसारी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पूर्व ही कार्यभार ग्रहण किया है और अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी अधीक्षक डॉ. शाह आलम के आने पर ही उपलब्ध हो सकेगी। अधीक्षक के कार्यालय के बंद होने के कारण एसडीएम ने दोबारा निरीक्षण करने की बात कही। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद नर्स रीता कन्नौजिया, सरोज खान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश देकर वापस लौट गए।