सहारनपुर। एआईएमआईएम प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को चिलकाना रोड स्थित जनसभा में भाजपा को हराने के लिए अन्य दलों के साथ गठबंधन की इच्छा जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को रोकने के लिए गठबंधन की आवश्यकता होगी तो उनकी पार्टी इसके लिए तैयार है। जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि जुल्म के खिलाफ आवाज उठाना सांप्रदायिकता है तो वह ऐसी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने स्वयं को फिरकापरस्त नहीं, बल्कि इंसाफपरस्त बताते हुए कहा कि समाज को अपना नेतृत्व मजबूत करना होगा। ओवैसी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि मस्जिद वर्ष 1955 से उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड में पंजीकृत है और इसका दशकों से मस्जिद के रूप में उपयोग हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना उचित आधार के कार्रवाई कर रही है और कहा कि इस मामले में संविधान एवं कानून के दायरे में रहकर आवाज उठाई जाएगी।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/ रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को नियमित कर हजारों छात्रों का भविष्य सुरक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा की स्थिति चिंताजनक है और शिक्षा संस्थानों को बचाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने सहारनपुर की प्रसिद्ध लकड़ी नक्काशी उद्योग के कमजोर होने पर भी चिंता व्यक्त की। जनसभा में बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। ओवैसी के मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर उनका स्वागत किया। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ कार्यकर्ता मंच पर भी चढ़ गए, जिससे माइक क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर उनका संबोधन पूरा कराया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चिलकाना रोड पर भारी भीड़ के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए देर रात तक वाहनों का संचालन सामान्य कराया। जनसभा पूरे समय राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनी रही।