सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर ने जनपद के कांवड़ यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने काली नदी, बड़कला, गागलहेड़ी, राकेश केमिकल, घंटाघर, नकुड़ तिराहा, सरसावा, सरसावा कट, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हरियाणा सीमा स्थित शाहजहांपुर चैकी सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, पुलिस पिकेट, पार्किंग स्थलों, कंट्रोल रूम, आपातकालीन सेवाओं तथा अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/डीआईजी और एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की यातायात बाधा, अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तथा पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, प्रभारी यातायात, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चैबंद रखी जाए।