स्कूल चलो अभियान-2026-27 के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम आयोजित, सर्वाधिक नामांकन वाले विद्यालयों को किया गया सम्मानित एवं विद्यार्थियों को वितरित कीं पाठ्यपुस्तकें

Share

गाजियाबाद, । बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में “स्कूल चलो अभियान-2026-27” के अंतर्गत पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, कविनगर में जनपद स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय विधायक अजीत पाल त्यागी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत मुख्य अतिथि श्री अजीत पाल त्यागी ने वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक श्री बुद्ध प्रिय सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत विद्यालय वापसी एवं नामांकन जागरूकता के उद्देश्य से स्कूल चलो रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीएम श्री कवि नगर विद्यालय से सरस्वती वंदना ,कंपोजिट विद्यालय डासना गेट से राजस्थानी नृत्य, तथा खोड़ा विद्यालय लोनी से मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। पीएम श्री विद्यालय मोरटी के बच्चों ने बैंड की मधुर धुनों से समां बांध दिया।समारोह में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री बुद्ध प्रिय सिंह द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा सभी बच्चों को नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री अजीत पाल त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही वह सबसे सशक्त माध्यम है, जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है। ‘स्कूल चलो अभियान’ प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कारों के साथ अध्ययन कर देश का जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/जिला विद्यालय निरीक्षक श्री बुद्ध प्रिय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराने तथा अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव ने कहा कि “स्कूल चलो अभियान-2026-27” का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग सहित अनेक छात्रहितकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर विद्यालय से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया तथा विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन श्रीमती पूनम शर्मा ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से संचालित किया।समारोह में सहायक वित्त एवं लेखा अधिकारी विकास बघेल, जिला समन्वयक अनुभव गुप्ता,डॉ राकेश,सिंपल चौधरी, रुचि त्यागी, विजय बघेल, टिंकू कंसल, शिक्षक संघ से अमित विक्रम गोस्वामी, राजकुमार, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन एवं जनसहभागिता का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिला। अंत में सभी उपस्थित जनों ने शिक्षा के प्रसार, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *