बहराइच महसी। जनपद के तहसील महसी अंतर्गत थाना हरदी क्षेत्र के ग्राम पंचायत पूरे गंगा प्रसाद (मजरा कलांसन पुरवा) विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में उतर रहे करंट की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई बाल-बाल बच गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कड़ा रोष जताया है।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/
सामान लेकर लौट रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, कलांसन पुरवा निवासी बेचन का 8 वर्षीय पुत्र रामू पास की ही एक दुकान से रोजमर्रा का सामान लेने गया था। उसके साथ उसका बड़ा भाई विनोद (10 वर्ष) भी था। दुकान से वापस लौटते समय रामू का हाथ सड़क किनारे लगे लोहे के विद्युत पोल से छू गया, जिसमें पहले से ही तेज करंट उतर रहा था।बड़ा भाई बाल-बाल बचा,
परिजनों में कोहराम
रामू को तड़पता देख उसे बचाने के प्रयास में बड़ा भाई विनोद भी करंट की आंशिक चपेट में आ गया, लेकिन वह किसी तरह समय रहते दूर छिटक गया जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, रामू ने करंट के जोरदार झटके के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची हरदी थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मासूम रामू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत के बाद भी नहीं चेता महसी विद्युत विभाग
ग्रामीणों ने महसी विद्युत विभाग पर लापरवाही का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त पोल में करंट उतरने की शिकायत पहले भी कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की गई थी। इसके बावजूद लाइनमैन या किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इसे ठीक करना मुनासिब नहीं समझा। विभाग की इसी घोर उदासीनता ने आज एक गरीब के घर का चिराग बुझा दिया। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।