ओवरब्रिज के आठ पैनल क्षतिग्रस्त, सभी वाहनों का आवागमन बंद

Share

बहराइच ( जरवल। लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम करमुल्लापुर के नजदीक स्थित जरवल रोड ओवरब्रिज के आठ पैनल क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर उस पर से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। मौके पर मिली जानकारी के अनुसार पुल के दो पैनल नीचे गिर चुके हैं और छह अन्य पैनलों में दरारें व नुकसान दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना कॉलर शिवा सिंह (पुत्र विमल सिंह) ने डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सूचित किया। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि पुल की दीवारों में पीपल के बड़े पेड़ उग आए हैं, जिससे संरचना की मजबूती पर प्रश्न उठे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज पर वर्षा जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है और बरसात के कारण पानी जमा होने से पुल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/स्थानीय लोगों ने भय व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त स्थान के पास पेड़ों की डालियाँ रखकर वाहन चालकों को सतर्क करने का प्रयास भी किया। मौके पर उपनिरीक्षक राम सहोदर तिवारी, पवन कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश कुमार की पुलिस टीम मौजूद रही, जिन्होंने निरीक्षण कर मामले की जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को दी।थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ओवरब्रिज की सुरक्षा को देखते हुए वहां से सभी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है और पुल दोनों ओर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। बहराइच और लखनऊ की ओर आने-जाने वाले वाहनों को जरवल रोड रेलवे क्रॉसिंग होते हुए बस स्टॉप तिराहे के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है साथ ही यह व्यवस्था ओवरब्रिज की मरम्मत तक लागू रहेगी।पेट्रोलिंग अधिकारी मनोज चौहान ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गयी है और संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र ही तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराना सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी पुल की त्वरित विशेषज्ञ जांच व मरम्मत की मांग करते हुए संभावित दुर्घटना से बचाव की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *