एक पेड़ मां के नाम महाअभियान का राज्यमंत्री ने किया शुभारंभ

Share

सहारनपुर। प्रदेशव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को विकासखंड बलियाखेड़ी परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के बाद आम का पौधा रोपित कर महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संगठनों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां को समर्पित करते हुए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी उसी स्नेह से करे, जैसे अपनी मां की करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पौधारोपण के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है और अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी इन पौधों के संरक्षण की है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने जीवन के प्रत्येक विशेष अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएं। विधायक रामपुर मनिहारान देवेंद्र निम ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी किया जाए।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/उन्होंने लोगों से अपने घर और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मांगे राम चैधरी, विधायक राजीव गुंबर, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, भाजपा जिलाध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को आम के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी चांदनी सिंह ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप गणेश प्रतिमा एवं पौधे भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *