सहारनपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और 72 हजार रुपये वसूलने के आरोप में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर खुमरान पुल के पास से दबोच लिया। उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार माधव नगर निवासी पंकज अरोड़ा की तहरीर पर 9 जुलाई को थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि मोहल्ला जाफरनवाज निवासी नीरज गुजराल उर्फ मोनू ने हत्या के एक फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की और दबाव बनाकर 72 हजार रुपये भी वसूल लिए। इस मामले में थाना कोतवाली नगर पर मुकदमा संख्या 164ध्2026 धारा 308(6) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत केस दर्ज किया गया।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी नीरज गुजराल उर्फ मोनू पुत्र अश्वनी गुजराल निवासी मोहल्ला जाफरनवाज, थाना कोतवाली नगर को खुमरान पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में थाना जनकपुरी में हत्या के प्रयास, रंगदारी और अन्य धाराओं में तथा वर्ष 2023 में थाना कोतवाली नगर में मारपीट, घर में घुसकर हमला और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले सहित उसके खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह एवं आरक्षी विदित राज शामिल रहे। (नोटः आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोप पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे पर आधारित हैं। दोष सिद्ध होना न्यायालय के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा।)