शक्तिनगर, सोनभद्र। बरसात शुरू होते ही खड़िया बाजार से कोटा तक जाने वाली एनटीपीसी के अधीन सड़क की बदहाली एक बार फिर उजागर हो गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं रह गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।read more:https://worldtrustednews.in/intensive-campaign-under-mission-shakti-phase-5-0-in-ghazipur-anti-romeo-team-activated/ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से भी मामला लगातार उठाया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को उठानी पड़ रही है। प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल आने-जाने वाले छात्र पानी से भरे गड्ढों के कारण जोखिम उठाने को मजबूर हैं। दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं, साइकिल सवार गिर रहे हैं और छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचाना चुनौती बन गया है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे छोटे वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खड़िया बाजार-कोटा मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है। बारिश के मौसम में हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं। क्षेत्रवासियों ने एनटीपीसी प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।