चिलकाना। क्षेत्र के गांव पटना उर्फ नयाबांस में कुछ समय पूर्व बनाए गए नाले की सफाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। नाले में गंदगी और मिट्टी जमा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। साथ ही गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार नाले का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद से आज तक उसकी सफाई नहीं कराई गई। नाले के अंदर निर्माण के समय की मिट्टी भी पड़ी हुई है, जिससे पानी का प्रवाह रुक गया है। कई स्थानों पर गंदगी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होने पर यही गंदगी और रुकावट जलभराव का कारण बनेगी, जिससे लोगों के घरों और रास्तों पर पानी भर सकता है।read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/ ग्राम प्रधान मोहम्मद वसीम ने बताया कि नाले की सफाई और निर्माण के दौरान बची मिट्टी को हटाने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की थी, लेकिन ठेकेदार ने न तो नाले की सफाई कराई और न ही मिट्टी निकलवाई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत भी भेजी जा चुकी है ताकि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जा सके। ग्रामीण सुरेश, राकेश, अंशुमन, सतीश, सोनू, प्रवेश, भूरा, शेरसिंह, विनोद, दीपक, मोंटी, मनजीत सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के मौसम में पूरे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।