स्वास्थ्य जांच शिविर पंजाब हॉस्पिटल के डॉ. साजन ने नन्हे विद्यार्थियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

Share

छुटमलपुर (सहारनपुर)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सेंट जोसेफ्स स्कूल में नर्सरी से कक्षा चार तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंजाब हॉस्पिटल, छुटमलपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. साजन ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य शारीरिक जांच की गई तथा उन्हें स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी गई। डॉ. साजन ने बच्चों को जंक फूड से दूर रहने, पौष्टिक भोजन करने और नियमित खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार संभव हो जाता है। विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष एस.पी.एस. राणा, अध्यक्ष शिशिर सिंह राणा, प्रबंध निदेशक पूजा राणा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली ने कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।read more:https://pahaltoday.com/man-dies-in-road-accident-in-barhalganj/इसी उद्देश्य से विद्यालय समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा शिविर आयोजित करता है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से भी बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उनका कहना था कि बचपन में विकसित अच्छी स्वास्थ्य आदतें भविष्य में बेहतर जीवन की मजबूत नींव रखती हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने डॉ. साजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और बेहतर जीवनशैली के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *