गाजीपुर जमानियां। शासन की प्राथमिकता वाले पोषण एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जमानियां तहसील क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में कुपोषित बच्चों वाले परिवारों को पोषण किट वितरित की गई। तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने स्वयं लाभार्थियों को पोषण किट प्रदान करते हुए परिवारों से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।read more:https://pahaltoday.com/the-essence-of-prasad-is-to-receive-the-blessings-of-the-deity-to-whom-it-is-offered/इस अवसर पर तहसीलदार ने कहा कि शासन का उद्देश्य छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर कुपोषण को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों का नियमित वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।उन्होंने बताया कि छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों को टेक होम राशन (टीएचआर) उपलब्ध कराया जाता है, जिसे परिवार घर ले जाकर उपयोग करता है। वहीं तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुबह का नाश्ता और गर्म पका हुआ भोजन दिया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजें और शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों का वजन मापा और उनके स्वास्थ्य की भी जांच की। साथ ही कुपोषण से बचाव, संतुलित आहार तथा स्वच्छता के प्रति परिवारों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्र परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।