गाजीपुर। जनपद की गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण एवं व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद की अस्थायी गौशाला तथा कठऊत स्थित स्थायी गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/mission-shakti-team-made-women-and-girls-aware-2/
स्थायी गौशाला कठऊत में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए भूसा, पानी, हरे चारे, साफ-सफाई तथा देखभाल की व्यवस्था का जायजा लिया। आवश्यकता के अनुरूप हरे चारे की उपलब्धता बेहद कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीएम ने गौशाला में पशुओं की मृत्यु के बाद उनके निस्तारण की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि मृत गोवंशों को दफनाने के लिए निर्धारित स्थान की ब्रैकेटिंग कर उसे सुरक्षित बनाया जाए, जिससे व्यवस्था व्यवस्थित और सुरक्षित बनी रहे।निरीक्षण में गौशाला परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहे और गोवंशों की देखभाल में कोई बाधा न आए।गौशाला संचालन में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रशासक के रूप में तैनात प्रधान को पद से हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप सभी गौशालाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए।