गाजीपुर। जनपद में कारागार एवं किशोर गृहों में रह रहे बंदियों और किशोरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडे, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जिला कारागार एवं राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया।read more:https://pahaltoday.com/the-strait-of-hormuz-will-not-be-opened-by-agreement-alone-removing-marine-mines-will-take-time/निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। भोजन, चिकित्सा सुविधा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लेने के बाद जेल प्रशासन को निर्देश दिए गए कि शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।इसके बाद अधिकारियों ने राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का भी निरीक्षण किया। यहां रह रहे किशोरों से स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन, रहन-सहन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने किशोरों के पुनर्वास और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।जिला जज, डीएम और एसपी ने स्पष्ट कहा कि संस्थानों में साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान सीजेएम नूतन द्विवेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड़ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।