बाराबंकी। जिले में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) का आगामी 12 व 13 अगस्त को स्थानीय गांधी भवन में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जनपद के इतिहास में यह पहली बार है जब एआईएसएफ के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन हो रहा है। इसमें तमिलनाडु से लेकर मणिपुर तक देश के विभिन्न राज्यों से छात्र प्रतिनिधि बाराबंकी पहुंचेंगे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य परिषद सदस्य रणधीर सिंह सुमन ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि इस कार्यक्रम में सांसद पी. संतोष कुमार मुख्य रूप से शामिल होंगे। उनके अलावा, पूर्व सांसद सैयद अजीज पाशा और संगठन के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सम्मेलन की शुरुआत गांधी भवन, देवा रोड से एक रैली के साथ होगी। यह रैली अंबेडकर प्रतिमा तक जाएगी, जहां माल्यार्पण कर आयोजन का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/the-essence-of-prasad-is-to-receive-the-blessings-of-the-deity-to-whom-it-is-offered/ एआईएसएफ के 90वें स्थापना वर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 13 अगस्त को छात्र समस्याओं और नई शिक्षा नीति पर एक राष्ट्रीय स्तर का सेमिनार भी शामिल है। इस सेमिनार में देशभर से आए छात्र नेता और शिक्षा विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। आयोजकों के अनुसार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, पुडुचेरी, दिल्ली, झारखंड, राजस्थान, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और गुजरात सहित कई राज्यों के छात्र नेताओं की सहभागिता की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रेस वार्ता के दौरान जिला सचिव बृजमोहन वर्मा, प्रवीण कुमार, प्रेम चंद्र, मुनेश्वर, अमर सिंह प्रधान, राम प्रकाश वर्मा, दीपक वर्मा, दीपक शर्मा, संदीप तिवारी, अभय वर्मा, रीना मौर्या, आदित्य सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।