शिक्षा जगत ने खोया युगद्रष्टा, नहीं रहे शिक्षाविद् लक्ष्मीनारायण अग्रवाल

Share

बाराबंकी। लखनऊ की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था श्री रामस्वरूप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक, वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं दूरदर्शी समाजसेवी लक्ष्मीनारायण अग्रवाल का शनिवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से शिक्षा जगत, सामाजिक क्षेत्र तथा समस्त शैक्षणिक परिवार में शोक की गहरी लहर व्याप्त है। श्री अग्रवाल ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम एवं शिक्षा के प्रति अटूट समर्पण से लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की एक सुदृढ़ परंपरा स्थापित की। उनके अथक प्रयासों से श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट तथा श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं का विकास हुआ, जो आज इंजीनियरिंग, प्रबंधन, फार्मेसी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, कृषि, शिक्षा, मीडिया तथा अन्य व्यावसायिक एवं शोधपरक क्षेत्रों में हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रही हैं। उनका मानना था कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है।read more:https://pahaltoday.com/on-the-147th-foundation-day-of-the-bjp-workers-lit-lamps-and-paid-tribute-to-great-men/ इसी विचारधारा के अनुरूप उन्होंने शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने तथा विद्यार्थियों में मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास को सदैव प्राथमिकता दी। उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन ने हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षाविदों के जीवन को नई दिशा प्रदान की। श्री अग्रवाल द्वारा स्थापित इस गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को उनके पुत्र इंजीनियर पंकज अग्रवाल, पुत्रवधू इंजीनियर पूजा अग्रवाल तथा परिवार के अन्य सदस्य पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। स्वर्गीय अग्रवाल का अंतिम संस्कार रविवार को भैंसाकुंड श्मशान घाट, लखनऊ में सामाजिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर परिजनों के अतिरिक्त श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट एवं श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी, पूर्व छात्र, वर्तमान विद्यार्थी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सैकड़ों शुभचिंतकों ने उपस्थित होकर उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि लक्ष्मीनारायण अग्रवाल का शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित जीवन सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व शिक्षा-जगत के इतिहास में सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *