नगर पालिका की सीमा से बाहर सड़क निर्माण का मामला

Share

गंगोह। नगर पालिका परिषद गंगोह द्वारा बाईपास मार्ग स्थित शिव विहार कॉलोनी में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी सहारनपुर के निर्देश पर कराई गई जांच में संबंधित भूमि को नगर पालिका सीमा से बाहर बताया गया है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। शिव विहार कॉलोनी में निर्माणाधीन सड़क को लेकर दर्जनभर महिलाओं सहित स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आपत्ति दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि कॉलोनी में अभी तक एक भी मकान निर्मित नहीं हुआ है। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा वहां सड़क निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर के कई पुराने मोहल्लों और कॉलोनियों में सड़कें जर्जर हालत में हैं तथा बार-बार मांग करने के बावजूद उनका निर्माण नहीं कराया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम नकुड़ को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल ने भूमि अभिलेखों का परीक्षण किया।read more:https://pahaltoday.com/co-gave-instructions-for-action-against-anarchists-and-drug-addicts/जांच रिपोर्ट के अनुसार शिव विहार कॉलोनी की भूमि पूर्व में कृषि भूमि थी, जिसे धारा 143 के तहत अकृषि भूमि घोषित किया गया है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित भूमि नगर पालिका परिषद गंगोह की सीमा के बाहर दर्ज है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कॉलोनी का विकास कार्य कॉलोनाइजर की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकारी संसाधनों का उपयोग कर निजी कॉलोनी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि नगर पालिका को पहले उन क्षेत्रों में विकास कार्य कराने चाहिए जहां वर्षों से लोग टैक्स जमा कर रहे हैं और मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। शिकायतकर्ताओं अर्जुन सैनी, राहुल, धूम सिंह, मंजू सैनी, हिमांशु, दीपक सहित अन्य लोगों ने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *