सोनभद्र। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मनरेगा बचाओ अभियान के तहत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी उद्यान पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद धरना-प्रदर्शन किया।read more:https://pahaltoday.com/the-strait-of-hormuz-will-not-be-opened-by-agreement-alone-removing-marine-mines-will-take-time/
वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और खेत मजदूरों के लिए रोजगार की महत्वपूर्ण योजना रही है, जिसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रस्तावित विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन गारंटी (ग्रामीण) योजना का विरोध करते हुए इसे ग्रामीण मजदूरों के हितों के खिलाफ बताया और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मनरेगा को पूर्व स्वरूप में बहाल किया जाए तथा ग्रामीण मजदूरों को वर्ष में 200 दिन रोजगार और प्रतिदिन 700 रुपए न्यूनतम मजदूरी की गारंटी दी जाए। साथ ही बेरोजगारी भत्ता, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, आवास, कृषि भूमि और रोजगार जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र के जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा, स्थानीय युवाओं को उद्योगों में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने तथा जनपद में कैमूर आदिवासी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में मनरेगा को पूर्व स्वरूप में जारी रखने, ग्रामीण मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, आवास एवं भूमि अधिकार सुनिश्चित करने सहित विभिन्न मांगें शामिल थीं। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड में मृत विद्यार्थियों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर आर.के. शर्मा, बसावन गुप्ता, अमरनाथ बिंद, रामभजन कुशवाहा, नंदू यादव, नागेंद्र कुमार, रामसूरत खरवार, शंभू खरवार, रामजतन खरवार, लालती देवी, हिरकुंवर, ऋतु कुमारी, देवकुमारी, संगीता, राजकुंवर, फुलबसिया, महेंद्र सिंह, राजाराम, बुद्धिराम खरवार, जगरनाथ बैगा, कमला प्रसाद, शिव प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा, रामधनी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता कामरेड रामरक्षा तथा संचालन कामरेड देव कुमार विश्वकर्मा ने किया।