गाजीपुर जमानियां। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने मुस्लिम समुदाय से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। read more:https://pahaltoday.com/saharanpur-footwear-premier-league-2026-gets-off-to-a-colourful-start/#google_vignette
सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि बकरीद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही ड्रोन कैमरों और लगातार गश्त के जरिए निगरानी भी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश सहित किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, गलियों अथवा खुले स्थानों पर कुर्बानी देना गैरकानूनी है। कुर्बानी केवल निर्धारित अथवा पारंपरिक निजी स्थानों पर ही की जाए। इसके अलावा कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को खुले में फेंकने या नालियों व सीवर में बहाने पर भी रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अवशेषों को सुरक्षित तरीके से जमीन में गड्ढा खोदकर दबाना अनिवार्य होगा।उन्होंने सोशल मीडिया पर भी सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी की फोटो या वीडियो साझा करने तथा भड़काऊ पोस्ट डालने से बचें। ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि बकरीद का त्योहार प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।