ललितपुर। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर क्षेत्र के सभी 26 वार्डों को कुल 311 ब्लॉकों में विभाजित करते हुए प्रत्येक ब्लॉक में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है, जो घर-घर जाकर जनगणना का कार्य कर रहे हैं। नगर पालिका परिषद के चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी स्वयं भी फील्ड में पहुंचकर सुपरवाइजरों और प्रगणकों के साथ जनगणना कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं तथा नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके। read more:https://pahaltoday.com/pickup-full-of-women-overturns-while-trying-to-save-a-cyclist-26-injured/ इसी क्रम में चार्ज अधिकारी/अधिशासी अधिकारी एचएलबी-134 के सुपरवाइजर मनोज कुमार मिश्रा एवं प्रगणक प्रियंका सक्सेना के साथ ब्लॉक नंबर-134 में पहुंचे, जहां जिलाधिकारी आवास की गणना की गई। इस दौरान जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने जनगणना टीम का स्वागत करते हुए जनगणना के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। यह केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के वितरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब भी जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचे, तब उन्हें सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें तथा इस राष्ट्रीय दायित्व में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के समस्त 26 वार्डों में जनगणना कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करने हेतु 311 ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक नियुक्त किया गया है, जबकि कार्य की निगरानी एवं पर्यवेक्षण हेतु सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा जनगणना कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रहे और प्रत्येक नागरिक की सही जानकारी शासन तक पहुंचे, जिससे भविष्य की विकास योजनाएं अधिक प्रभावी रूप से तैयार की जा सकें।