जखनिया में चरमराई बिजली व्यवस्था, भीषण गर्मी में जनता बेहाल

Share
गाजीपुर जखनिया। तहसील क्षेत्र में लगातार बिगड़ती विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जखनिया विद्युत उपकेंद्र से होने वाली अनियमित बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की समस्या से आमजन के साथ धार्मिक आयोजन भी प्रभावित हो रहे हैं। इसे लेकर सर्वदलीय तहसील विकास एवं जन कल्याण संघर्ष समिति, जखनिया ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, लाल दरवाजा प्रथम गाजीपुर को पत्र भेजकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जखनिया विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्रवासियों को नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। आए दिन अघोषित कटौती के कारण लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार घंटों तक लाइन ठप रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।read more:https://pahaltoday.com/aadhaar-will-be-made-free-for-children-aged-7-to-15-years-till-september-30-2026-and-can-also-be-updated-dm/
उन्होंने बताया कि बीती रात भी क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हुई। इसकी शिकायत एसडीओ विद्युत विभाग जखनिया एवं जूनियर इंजीनियर से की गई, जिसके बाद कुछ समय के लिए बिजली बहाल हुई, लेकिन आपूर्ति स्थिर नहीं रह सकी।
इधर जखनिया स्थित शिव मंदिर परिसर में चल रहे विशाल यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान पर भी बिजली संकट का असर साफ दिखाई दे रहा है। आयोजन स्थल पर किसी तरह जनरेटर की व्यवस्था की गई है, लेकिन प्रवचनकर्ताओं एवं संत-महात्माओं के ठहरने वाले स्थान पर जनरेटर उपलब्ध नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है। अयोध्या से पहुंचे संतों ने भी बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई है।
समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने अधिशासी अभियंता से मांग की है कि भीषण गर्मी एवं धार्मिक आयोजन को देखते हुए जखनिया क्षेत्र में निर्बाध और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *