मॉक एक्सरसाइज एवं मोबिलाइजेशन अभ्यास का किया गया सफल आयोजन

Share
भदोही। साहूपुरी क्षेत्र में 11वीं एनडीआरएफ टीम द्वारा भूकंप आपदा पर आधारित मोबिलाइजेशन एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शैलेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला, डिप्टी कमांडेंट प्रेम कुमार पासवान सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित हितधारकों ने सहभागिता की। मॉक एक्सरसाइज के दौरान भूकंप की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें दो मंजिला भवन के ध्वस्त होने से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। घटना की सूचना इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) को प्राप्त होने पर एनडीआरएफ कंट्रोल रूम एवं संबंधित विभागों को तत्काल सूचित किया गया। एनडीआरएफ टीम के घटनास्थल पर पहुंचने से पूर्व प्रथम प्रतिक्रिया दल के रूप में आपदा मित्र एवं सिविल डिफेंस की टीम द्वारा दो सतही घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।read more:https://pahaltoday.com/dm-takes-strict-action-against-negligence-in-pm-surya-ghar-yojana-directs-disposal-of-pending-loan-files-within-three-days घटनास्थल पर पहुंचने के उपरांत एनडीआरएफ टीम द्वारा त्वरित आकलन करते हुए बेस ऑफ ऑपरेशन, कमांड पोस्ट, मेडिकल पोस्ट एवं कम्युनिकेशन पोस्ट स्थापित किए गए। इसके बाद रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया, जिसमें मलबे में गंभीर रूप से फंसे एक व्यक्ति को क्षैतिज मार्ग बनाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दो अन्य व्यक्तियों को रोप रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सभी घायलों को मेडिकल पोस्ट पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए अस्पताल भेजा गया। मॉक ड्रिल के उपरांत आयोजित डिब्रीफिंग सत्र में सभी विभागों एवं हितधारकों द्वारा आपदा के दौरान की गई कार्रवाई, उपलब्ध संसाधनों, रिस्पॉन्स टाइम तथा विभिन्न विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करना, आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली की प्रभावशीलता का परीक्षण करना, उपलब्ध संसाधनों की क्षमता का आकलन करना एवं कमियों की पहचान कर समय रहते सुधारात्मक कदम उठाना रहा। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। टीम द्वारा बताया गया कि अग्निकांड की स्थिति में किस प्रकार समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को न्यूनतम किया जा सकता है।
read more:https://pahaltoday.com/dm-takes-strict-action-against-negligence-in-pm-surya-ghar-yojana-directs-disposal-of-pending-loan-files-within-three-days/ वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मॉक ड्रिल के सफल आयोजन पर इलेवन एनडीआरएफ टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम द्वारा किया गया प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय एवं प्रभावी रहा। जिलाधिकारी ने एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा किए गए समन्वित एवं उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपदा के समय त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई ही जनहानि को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, आपदा विशेषज्ञ अंकित कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, अग्निशमन अधिकारी ओ.पी. महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मॉक एक्सरसाइज में अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, सिविल पुलिस, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *