सहारनपुर । जनपद में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने मंगलवार देर रात विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 15 “पटाखा बुलेट” वाहनों के चालान किए गए तथा डेढ़ लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। वहीं गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर दो वाहनों को सीज भी कर दिया गया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाते मिले दो अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी सीज की कार्रवाई की गई।
यह अभियान यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात अमित तोमर के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और बाजारों में संघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकेदार आवाज निकाली जा रही थी। यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं।read more:https://pahaltoday.com/the-village-head-representative-was-beaten-up-by-miscreants-over-a-dispute-regarding-filling-petrol/चेकिंग के दौरान कई वाहनों में अवैध रूप से प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने दो वाहनों को गंभीर नियम उल्लंघन के चलते सीज भी कर दिया। यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान दो वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए, जिनके वाहन सीज कर दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रभारी यातायात अमित तोमर ने बताया कि शहर में “पटाखा बुलेट” और मॉडिफाइड साइलेंसर का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिस पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर शहरवासियों ने भी संतोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि तेज धमाकेदार आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से आमजन, बुजुर्गों, मरीजों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी होती है। कई बार अचानक तेज आवाज के कारण सड़क पर दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है। सामाजिक संगठनों ने भी यातायात पुलिस के अभियान की सराहना करते हुए इसे लगातार जारी रखने की मांग की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी शहर के प्रमुख क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना एवं सीज जैसी कार्रवाई लगातार की जाएगी।