फतेहपुर। जिले के मलवां थाना क्षेत्र में मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।read more:https://pahaltoday.com/shopkeepers-accused-of-attacking-passengers-with-sticks-and-rods/जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के उमरापुर गांव निवासी बृजेश पुत्र रामविशाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह हेयर कटिंग की दुकान चलाता है। आरोप है कि बीती 10 अप्रैल की रात करीब 10:40 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस घटना में पीड़ित का दांत टूट गया तथा पेट में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों द्वारा 10 हजार और उसकी सोने की चेन भी छीन ली गई थी। घटना के बाद उसने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि 12 मई को जब वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी आरोपी दोबारा वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। शिकायती पत्र में पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में उसके साथ कोई बड़ी घटना कर सकते हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।