सीकर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (डॉ.) अनिल कुमार राय ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत एवं राष्ट्रीय संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से घर से कार्यालय तक पैदल आने-जाने का संकल्प लिया है। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण संबंधी आह्वान से प्रेरित होकर लिया गया है।read more:https://pahaltoday.com/educational-material-distributed-to-children-in-akbarpur/
कुलगुरु प्रोफेसर राय ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों का उपयोग नहीं करने तथा कार पूलिंग अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संसाधनों का सीमित और संयमित उपयोग हमारी आदत का हिस्सा बनना चाहिए। प्रो. राय ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण समय की बड़ी आवश्यकता बन चुका है। ईरान–इजरायल संघर्ष के चलते पेट्रोल-डीजल संकट की आशंकाएं बढ़ रही हैं। ऐसे समय में ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। ईंधन बचत के साथ प्रदूषण में भी आएगी कमी कुलगुरु ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए अधिक से अधिक पैदल चलना और साइकिल का उपयोग जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटी दूरी के लिए वाहन उपयोग कम करे तो ईंधन बचत के साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने एक किलोमीटर से कम दूरी के लिए वाहन उपयोग नहीं करने की अपील की। कुलगुरु प्रो. राय ने कहा कि विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी अपने वाहन विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास खड़े कर परिसर में पैदल चलकर आएं। लंबी यात्राओं के लिए सार्वजनिक यातायात का उपयोग भी बढ़ाना चाहिए। विश्वविद्यालय परिसर में कुलगुरु की इस पहल की सराहना की जा रही है। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने इसे सामाजिक जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और जिम्मेदार नागरिकता की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया है।