आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कायमगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।read more:https://pahaltoday.com/on-the-instructions-of-mayawati-vipin-diwan-was-declared-the-bsp-candidate-from-assembly-59/बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बकरीद को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ईद की नमाज मस्जिदों एवं निर्धारित स्थलों के भीतर ही अदा की जाए। किसी भी स्थिति में सड़क अथवा सार्वजनिक मार्गों पर नमाज न पढ़ी जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक उद्देश्य प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करना है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों से सतर्क रहने की भी अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बाजारों में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में व्यापारी वर्ग सक्रिय भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं नगर अध्यक्ष अमित सेठ, उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष सुवोध गुप्ता मंशाराम, युवा प्रदेश मंत्री, नगर उपाध्यक्ष अमित पालीवाल, अमित गुप्ता, विनीत सक्सेना, जिला महामंत्री अनुराग कौशल, हिमांशु शर्मा, मनीष अरोड़ा, श्यामू गुप्ता, अखिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।