अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय फतेहगढ़ पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कायमगंज सब्जी मंडी में 17 मई को हुए भीषण अग्निकांड में फल मंडी की छह दुकानों के पूरी तरह जलकर खाक हो जाने पर पीड़ित व्यापारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।read more:https://pahaltoday.com/obra-police-arrested-a-youth-with-1-kg-150-grams-of-ganja/व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से कहा कि कायमगंज में फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था न होने के कारण आग पर समय रहते काबू पाने में कठिनाई हुई। उन्होंने मांग की कि जब तक कायमगंज में स्थायी फायर स्टेशन की स्थापना नहीं होती, तब तक एक फायर ब्रिगेड वाहन को स्थायी रूप से कायमगंज मुख्यालय पर तैनात किया जाए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि फायर विभाग से जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मंडी परिसर में लगे ट्यूबवेल और जनरेटर हमेशा चालू अवस्था में रखे जाएं, ताकि भविष्य में किसी आपात स्थिति के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पानी आसानी से उपलब्ध कराया जा सके। व्यापार मंडल ने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि जिन दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह जल चुकी हैं, उन्हें अस्थायी रूप से मंडी समिति की खाली दुकानों में बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनका व्यापार प्रभावित न हो। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सहित पीड़ित दुकानदार इफ्तेखार खान, शानू भाई, भाई मियां, मोहम्मद उमर, संजय शर्मा, शीलू भाई आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल परिवार द्वारा जिलाधिकारी को गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।