मानदेय वृद्धि पर भदोही में अनुदेशकों का भव्य सम्मान समारोह

Share
भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों का मानदेय 9000 रुपए से बढ़ाकर 17000 रुपए किए जाने के उपलक्ष्य में रविवार को जनपद के अनुदेशकों का सम्मान समारोह मधुवन वाटिका, ज्ञानपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए अनुदेशकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सांसद डॉ.विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएम शैलेश कुमार एवं सीडीओ बालगोविंद शुक्ल ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा अनुदेशकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए उनके मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही बच्चों के भविष्य के वास्तविक निर्माणकर्ता होते हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी आवश्यक है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद डॉ.विनोद कुमार बिंद ने अनुदेशकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा एवं उन्नयन के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी।read more:https://pahaltoday.com/the-dilapidated-road-of-bramdih-tola-of-baghuari-has-become-a-problem-for-the-villagers/ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने भी शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए सरकार एवं प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड से चयनित महिला एवं पुरुष अनुदेशकों को मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित अनुदेशकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। डीएम शैलेश कुमार ने सभी उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों एवं अनुदेशकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अनुशासन, नियमित उपस्थिति एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर बल दिया। इस मौके पर सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, बीएसए शिवम पांडेय, सांसद प्रतिनिधि संजय बिंद, मंत्री प्रतिनिधि प्रवीण सिंह गौतम, नागेंद्र सिंह, अखिलेंद्र बघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन धीरज कुमार सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *