सोनभद्र। मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में बुधवार को स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. दिप्ती सिंह की टीम ने जटिल सर्जरी कर 60 वर्षीय महिला के पेट से करीब 20 सेंटीमीटर का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ट्यूमर का वजन लगभग 6 से 7 किलो बताया जा रहा है। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में सुधार है।जानकारी के अनुसार झारखंड निवासी सुगिया देवी पिछले करीब दस वर्षों से पेट में भारीपन, सूजन, गांठ, उच्च रक्तचाप एवं सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं से परेशान थीं। परिजन विभिन्न स्थानों पर इलाज कराते रहे, लेकिन समस्या लगातार बढ़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर महिला को मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान अंडेदानी में करीब 20 सेंटीमीटर का बड़ा ट्यूमर होने की पुष्टि हुई।read more:https://pahaltoday.com/mrp-70-collection-95-allegations-of-overcharging-on-cigarettes-in-kaiserganj-video-goes-viral/ रिपोर्ट आने के बाद डा. दिप्ती सिंह की निगरानी में महिला को भर्ती कर ऑपरेशन की सलाह दी गई। बुधवार को चिकित्सकीय टीम ने जटिल सर्जरी करते हुए सफलतापूर्वक ट्यूमर निकाल दिया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ राजेश सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेडिकल टीम में पंकज सिंह, निरंजना, भीम और अवधेश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल रहे। चिकित्सकों के अनुसार, निकाले गए ट्यूमर का नमूना कैंसर संबंधी जांच के लिए भेजा गया है, ताकि आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जा सके। मरीज के परिजनों ने बताया कि निजी अस्पतालों में इस ऑपरेशन के लिए 80 हजार से एक लाख रुपये तक का खर्च बताया जा रहा था, जबकि मेडिकल कॉलेज में सफल इलाज होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। डा. दिप्ती सिंह ने कहा कि पेट में लगातार सूजन, भारीपन या गांठ जैसी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।