गाजियाबाद, हम तुम रोड़ की बदहाल स्थिति, गहरे गड्ढों, धूल, भारी वाहनों की आवाजाही एवं लगातार लगने वाले जाम से परेशान क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लेकर आज हम तुम रोड़ वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व पार्षद श्री ललित शर्मा जी के नेतृत्व में जीडीए वीसी महोदय से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में निलाया ग्रीन्स से मंजीत चौहान, मोती रेजिडेंसी से अनिल शर्मा जी एवं महक जीवन से मुरारी लाल शर्मा जी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य निवासी एवं एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जीडीए वीसी महोदय को अवगत कराया कि हम तुम रोड़ निर्माण कार्य के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये का टेंडर जारी होने के बावजूद अभी तक जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन और अधिक खराब होती जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।read more:https://pahaltoday.com/traffic-police-crack-down-on-school-vehicles-and-underage-driving-38-challans-imposed-fines/
बैठक के दौरान यह महत्वपूर्ण विषय भी उठाया गया कि 19 करोड़ रुपये की लागत से केवल 6 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण की योजना बनाई गई है। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी एवं लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इतनी संकरी सड़क भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं होगी। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण को व्यापक, मजबूत एवं दीर्घकालिक योजना के तहत कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीडीए वीसी महोदय ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा आश्वासन दिया that वह स्वयं परसों निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचेंगे और निर्माण कार्य की प्रगति एवं वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। हम तुम रोड़ वेलफेयर एसोसिएशन ने जीडीए प्रशासन के इस सकारात्मक एवं सक्रिय रुख का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा और क्षेत्रवासियों को बदहाल सड़क, धूल एवं जाम की समस्या से राहत मिलेगी।