गाजीपुर/करंडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश में 10वां तथा जनपद गाजीपुर में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा अनामिका गुप्ता का शनिवार को ओम हरिओम इंटर कॉलेज परमिट में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने छात्रा की उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
अनामिका गुप्ता, जो कि एक किसान एवं दुकानदार परिवार से संबंध रखती हैं, ने 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में भारी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्साह और गौरव से भरा रहा।read more:https://pahaltoday.com/purushottam-month-fair-will-start-from-may-17/
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में वीरेंद्र यादव, जै किशुन साहू, यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल तथा समाजवादी नेत्री पुनीता सिंह खुशबू प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अजय करैला ने किया, जबकि अध्यक्षता मुसाफिर यादव ने की। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव एवं प्रबंधक हरिओम यादव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। सम्मान समारोह के दौरान सदर विधायक जै किशुन साहू ने अनामिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां आज शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और परिवार की मेहनत का परिणाम है कि गांवों से निकलकर बच्चे प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अनामिका की सफलता को गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि संसाधनों की कमी प्रतिभा को नहीं रोक सकती। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की अपील की। जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि अनामिका की सफलता से यह साबित हो गया है कि अगर परिवार और विद्यालय का सहयोग मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल ने अनामिका एवं उनके पिता अमरनाथ गुप्ता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। वहीं समाजवादी नेत्री पुनीता सिंह खुशबू ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि बेटियों की शिक्षा से ही मजबूत समाज का निर्माण संभव है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्रा को स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अनामिका का उत्साहवर्धन किया। छात्रा अनामिका गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया।
इस अवसर पर छात्र नेता कन्हैया यादव, दीनानाथ यादव, श्याम करण यादव, शिवनारायण गुप्ता, अर्जुन यादव, रामजी यादव, हरकेश यादव, रामअवतार बिंद, अमित, राम बिहारी बिंद, राजनाथ यादव, रविंद्र राम, भीष्म प्रताप, अंगद राम, विमल यादव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।