अंबेडकर जयंती पर रक्तदान शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रहित

Share

शक्तिनगर, सोनभद्र। भारतरत्न डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को थाना शक्तिनगर परिसर में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली के रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 51 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर का शुभारंभ थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने स्वयं रक्तदान कर किया। उनके इस प्रेरक कदम से उत्साहित होकर बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद राम सकल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सबसे पहले पूर्व ग्राम प्रधान रविंद्र यादव ने रक्तदान कर लोगों का उत्साह बढ़ाया। थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे ने कहा कि जरूरतमंदों की जीवन रक्षा के लिए रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है और यही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।read more:https://khabarentertainment.in/the-activeness-of-town-outpost-in-charge-bharat-bhushan-singh-has-instilled-fear-in-criminals/ उन्होंने बताया कि रक्तदान न केवल दुर्घटनाओं में घायल लोगों बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए भी जीवनदायी साबित होता है। सामाजिक कार्यकर्ता सन्नी शरण ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए इसे समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताया। वहीं आशीष चैबे ने कहा कि ऐसे शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ सकारात्मक संदेश भी देते हैं। रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर.डी. द्विवेदी ने कहा कि रक्तदान पूर्णतः सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह शरीर के लिए लाभकारी होता है। शिविर में पुलिसकर्मियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई लोगों ने पहली बार रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया। आयोजन स्थल पर रक्तदाताओं के लिए जूस एवं फल की व्यवस्था कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन समाज में सेवा, समानता और मानवता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *