शिवप्रकाश पांडेय गाजीपुर। सैदपुर क्षेत्र के ग्राम फुलवारी कला में स्थित करीब 500 वर्ष पुराने प्राचीन राम-जानकी मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो गया है। समय के साथ जर्जर हो चुके इस मंदिर की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को पूजा-अर्चना में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।ग्रामीणों की सामूहिक पहल और सहयोग से अब मंदिर के भव्य पुनर्निर्माण का कार्य आरंभ किया गया है। मंदिर निर्माण को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और लोग बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग के साथ-साथ श्रमदान के माध्यम से भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।श्रद्धालुओं का मानना है कि नए स्वरूप में बनने वाला राम-जानकी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि पुनर्निर्माण के बाद मंदिर को भव्य एवं आकर्षक रूप दिया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के बैठने, पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक आयोजनों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।निर्माण कार्य के शुभारंभ के साथ ही गांव के बुजुर्गों ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि वर्षों पुरानी आस्था को अब नया जीवन मिलने जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं समाजसेवियों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके।मंदिर निर्माण से पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु लगातार पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।इस अवसर पर अरुण सिंह, ओम प्रकाश सिंह, जीतू सिंह, पिंटू सिंह, सोनू सिंह, गोरख यादव, अभय यादव, संतोष यादव, रोशन सिंह, राजनाथ सोनकर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।