शिवप्रकाश पांडेय
गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के मलौरा गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका की मां की तहरीर पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाका निवासी विनोद राम की 25 वर्षीय पुत्री सोनी ने लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व सादात थाना क्षेत्र के मलौरा निवासी रामपत राजभर के पुत्र नितेश राजभर से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से मृतका के परिजन नाराज बताए जा रहे हैं। वर्तमान में पति नितेश मुंबई में रहकर रोजगार कर रहा है।शुक्रवार को मायके पक्ष को सूचना मिली कि सोनी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पता चला कि उसे पहले सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे मकदमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका के परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच फोन पर तीखी कहासुनी हुई थी। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि घटना के समय वे लोग खेत पर गेहूं की कटाई करने गए थे, तभी सोनी ने फोन कर खुद जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी।इस संबंध में सादात थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव ने बताया कि मृतका की मां इंदु देवी की तहरीर पर पति नितेश राजभर, सास राधिका देवी, ससुर राजपत राजभर और देवर राहुल राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।