नहटौर। उच्च प्राथमिक विद्यालय इब्राहिमपुर साधो में शनिवार को वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा खुलकर सामने आई और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विजेंद्र कुमार, विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी अभय प्रताप पांडे तथा खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक व शिक्षाप्रद प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
इस दौरान कक्षा 6 में नव प्रवेशित 20 विद्यार्थियों को वेलकम किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं कक्षा 6 से 8 तक वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक कक्षा के तीन-तीन मेधावी विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल पांच छात्रों तथा इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित दो विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 8 के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई, जिससे माहौल भावुक हो उठा।मुख्य अतिथि विजेंद्र कुमार ने विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। क्षेत्राधिकारी अभय प्रताप पांडे ने बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। प्रधानाध्यापक राम अवतार सिंह ने अभिभावकों से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान इकबाल हुसैन, पूर्व प्रधान इसरार अहमद सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।