जहरीला पदार्थ खाने के बाद विवाहिता की इलाज के दौरान मौत 

Share
शेरकोट । थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहजादपुर निवासी आनन्द कुमार ने थानाध्यक्ष शेरकोट को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पुत्री शशी रानी का विवाह लगभग 12 वर्ष पूर्व भिक्कावाला निवासी भारत सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही शशी रानी को उसकी सास अनीता देवी और देवर नवीन द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था। परिजनों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर शशी रानी ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मृतका द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में भी उत्पीड़न का जिक्र होने की बात सामने आई है।परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई और लगभग 7 घंटे बाद इसकी जानकारी मिली। इसके बाद शशी को पहले धामपुर सीएचसी, फिर बिजनौर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 2 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे उसकी मृत्यु हो गई।मृत्यु के बाद मेरठ पुलिस द्वारा पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। अब पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर सास और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *