राजीव जायसवाल
गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित विचित्र वीर हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं को गन्ने का जूस वितरित किया गया। श्री परशुराम सेवा समिति द्वारा आयोजित इस सेवा कार्य से भीषण गर्मी में दर्शन करने आए भक्तों को काफी राहत मिली।हनुमान जयंती के दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े थे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान हनुमान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। इसी दौरान समिति के कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव से ताजा गन्ने का जूस वितरित किया, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक राजेश त्रिपाठी भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने समिति के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि धार्मिक पर्वों पर ऐसे सेवा कार्य समाज में भाईचारा, सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति की पहचान बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से सकारात्मक संदेश जाता है।इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता राजीव पाण्डेय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।इनमें आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, विनय तिवारी, गुड्डू मिश्रा, हरपाल नागवाणी, श्रीगोविंद यादव, बबलू राय, शुभम गुप्ता, विपिन त्रिपाठी, रमेश शाही, अतुल शाही, मानस त्रिपाठी, बबलू तिवारी और सार्जन सोनकर प्रमुख थे।मंदिर परिसर में पूरे समय भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जयकारे लगाए। समिति के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्यों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल सके।