जिला पंचायत अध्यक्ष सहित विधायक, सीडीओ ने नवप्रवेशी बच्चों को  बांटी पुस्तक-चॉकलेट

Share

मथुरा। शासन द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में जनपद मथुरा में स्कूल चलो अभियान 2026-27 का आयोजन पांचजन्य प्रेक्षागृह में किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक माँट राजेश चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति की गरिमामयी उपस्थिति में स्कूल चलों अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर एवं मशाल जलाकर रवाना किया गया। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में नव प्रवेशी बच्चों को रोली व चंदन से तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा 20 बच्चों को पुस्तक सेट एवं चॉकलेट देकर स्वागत किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने कहा यह कार्यक्रम शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और “हर बच्चा स्कूल जाए” के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित होगा।कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने एवं उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों को किताबें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता द्वारा समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विकास खण्ड के सभी विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन कराते हुए स्कूल चलो अभियान की संकल्पना को साकार करें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति द्वारा उपस्थित माता-पिता/अभिभावकों से अपने पाल्यों को परिषदीय विद्यालयों में करने का अनुरोध किया गया एवं सरकार द्वारा विद्यालयों में निःशुल्क उपलब्ध करायी जा रही सामग्री तथा विगत वर्षों में 19 पैरामीटर पर ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत कराये गये कार्यो का उल्लेख किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *