रोहन गुप्ता का पीसीएस में चयन, बनेंगे सेल टैक्स ऑफिसर

Share

बाराबंकी। जनपद के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि शहर के कटरा मोहल्ला निवासी होनहार युवा रोहन गुप्ता का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में चयन हुआ है। चयनित होने के पश्चात रोहन गुप्ता अब सेल टैक्स ऑफिसर के पद पर अपनी सेवाएं देंगे। उनके इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे बाराबंकी जनपद में खुशी और उत्साह का माहौल है। समाजसेवी व भाजपा नेता पंकज गुप्ता ‘पंकी’ ने रोहन गुप्ता के आवास पहुंचकर उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोहन गुप्ता की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे वैश्य समाज एवं बाराबंकी जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि यह बाराबंकी के लिए अत्यंत गौरवान्वित करने वाला क्षण है, जब एक साथ एक दर्जन से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं ने पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। वैश्य समाज के युवाओं का शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ना समाज की प्रगति और जागरूकता का प्रतीक है। पंकज गुप्ता ‘पंकी’ ने विश्वास व्यक्त किया कि रोहन गुप्ता अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनपद का नाम और अधिक रोशन करेंगे तथा अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे। रोहन गुप्ता की इस उपलब्धि पर सिद्धार्थ कनौजिया अध्यक्ष इण्डियन स्टूडेंट पॉवर, आशीष सिंह आनंद, जगमग इंडस्ट्री के चेयरमैन दिलीप वर्मा, शशि गुप्ता, रामानंद गुप्ता, आर्यन गुप्ता सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों, समाज के प्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *