बाराबंकी। जिले में गौवंशीय पशुओं के वध और मांस तस्करी के खिलाफ पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी क्रम में मसौली और सफदरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में एक शातिर आरोपी को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, बीती रात थाना मसौली क्षेत्र के बड़ागांव स्टेडियम मोड़ पर गश्त और चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के आने की सूचना मिली। जैसे ही पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे रुकने का इशारा किया, आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की गिरफ्त में आए घायल आरोपी की पहचान बकरीदी उर्फ गरीबा पुत्र हसन निवासी बंजारनपुरवा (जमालपुर), थाना मसौली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को पहले सीएचसी बड़ागांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी बकरीदी उर्फ गरीबा के खिलाफ बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बाराबंकी समेत कई जिलों में डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में सख्ती के बावजूद गौ तस्करी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इसी के चलते पुलिस ने अभियान तेज किया और पिछले एक सप्ताह में दो मुठभेड़ों के दौरान दो शातिर आरोपियों सहित करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने इस सफल कार्रवाई के लिए प्रभारी निरीक्षक मसौली अजय प्रकाश त्रिपाठी और थानाध्यक्ष सफदरगंज अमर कुमार चौरसिया सहित पूरी टीम की सराहना की है।