बहराइच ( मिहिपुरवा )।विगत वर्ष नाव हादसे में भरथापुर गांव के नौ लोगों की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दूसरे ही दिन क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। नौ दिनों तक लापता शवों की खोज के बाद मुख्यमंत्री ने मोतीपुर पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही भरथापुर के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने के निर्देश भी दिए।इसी क्रम में शासन-प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तहसील मिहींपुरवा के अंतर्गत लखीमपुर-नानपारा हाईवे के निकट सेमरहना गांव में पुनर्वास के लिए भूमि चिन्हित की। यहां 136 परिवारों को बसाने की योजना बनाई गई, जिसके तहत आवास, शौचालय, पार्क, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल, बिजली, सीसी रोड जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कृषि योग्य भूमि देने की प्रक्रिया शुरू की गई।