बहराइच। पीएम श्री योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का एक दिवसीय आयोजन किसान डिग्री कॉलेज, बहराइच में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. आनंद गौड़ रहे।कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. गौड़ ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिभाएं निखरकर सामने आती हैं और उनका मानसिक विकास होता है।प्रतियोगिता में जनपद के 15 विकास क्षेत्रों के 26 पीएम श्री विद्यालयों के लगभग 520 बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर एवं लंबी दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक जैसी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही समूह प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, योग तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत एकांकी, समूह गान और लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए।प्रतियोगिता में ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर झाला तरहर पीएम श्री विद्यालय ने 49 अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि फखरपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।