दो साल से 2.11करोड़ रुपये से बन रही   पानी टंकी अधूरी-जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल योजना के अंतर्गत हो रहा काम 

Share
महराजगंज तराई (बलरामपुर) तुलसीपुर की ग्राम पंचायत लोहेपनिया में जल जीवन मिशन के तहत करीब 2.11करोड़ रुपये की लागत से बन रही पानी की टंकी दो साल बाद भी अधूरी पड़ी है। निर्माण कार्य ठप होने से ग्रामीणों को अब तक पेयजल की सुविधा नहीं मिल सकी है।टंकी से घरों तक पानी पहुंचाने के लिए लगाए जाने वाले नल कनेक्शन का काम भी अधूरा पड़ा है।सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव-गांव पाइप लाइन के माध्यम से घरों तक शुद्ध पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।इसके लिए करोड़ों रुपये खर्च कर पानी की टंकियां और पाइपलाइन का निर्माण कराया जा रहा है।लेकिन कई स्थानों पर निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है। ग्राम पंचायत लोहेपनिया में करीब दो साल पहले पानी की टंकी का निर्माण शुरूकराया गया था। ग्रामीणों के अनुसार अब तक केवल बोरिंग और बाउंड्रीवॉल का ही निर्माण हो सका है। टंकी का मुख्य ढांचा तैयार नहीं हो पाया है और पाइपलाइन बिछाने व घरों तक नल कनेक्शन देने का कार्य भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना शुरू होने के समय उम्मीद जगी थी कि जल्द ही घरों तक स्वच्छ पानी पहुंचेगा, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव के लोग आज भी हैंडपंप और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर हैं।गांव निवासी पुत्तन ने बताया कि दो सालों में केवल बोरिंग का काम हुआ है। घरों तक पानी की आपूर्ति कब शुरू होगी, इसके बारे में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। रवि मिश्र का कहना है कि दो साल से काम अधूरा पड़ा है और अब स्वच्छ पानी मिलने की उम्मीद भी टूटने लगी है। ग्रामीण सालिकराम आदि ने प्रशासन से जल्द निर्माण पूरा कर जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *